मध्य प्रदेश

न आवेदन, ना निवेदनः ठेकेदार के साथ नेपाल घूमने पहुंचे सीएमओ

सोशल मीडिया पर वायरल हुईं नेपाल की तस्वीरें
लेखापाल और स्वच्छता प्रभारी भी हैं साथ, आचार संहिता के बीच नगर परिषद अध्यक्ष को भेजा छुट्टी का आवेदन
बरही। सीएम हेल्पलाइन हो या आमजन के आवेदन इनका निराकरण करने से अफसर कतरा रहे है और लोकसभा चुनाव की आचार संहिता का हवाला दे रहे हैं लेकिन बरही नगर परिषद के सीएमओ आचार संहिता के बीच नेपाल घूमने पहुंचे गए हैं। बरही के मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामशिरोमणि त्रिपाठी परिषद में ठेकेदारी व सप्लाई करने वाले ठेकेदार के साथ नेपाल गए हैं और उनके साथ लेखापाल रमेश तोमर, स्वच्छता/आवास विभाग प्रमुख तीरथ चतुर्वेदी भी हैं। जिला मुख्यालय व देश छोड़कर नेपाल जाने से पहले अफसर व कर्मचारियों ने न तो निवेदन किया और न ही किसी अफसर को आवेदन दिया। सोशल मीडिया पर सोमवार को नेपाल की तस्वीरें वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया।
बताया गया है कि नगर परिषद के सीएमओ व अन्य दो कर्मचारी 17 मई को नेपाल के लिए रवाना हुए हैं। 18 व 19 मई शासकीय अवकाश होने के कारण उन्हें इसका अंदेशा नहीं था कि सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के कारण आचार संहिता के बीच जिला मुख्यालय व देश छोड़ना मुसीबत बन जाएगा। मामले की जानकारी जब नगर परिषद अध्यक्ष को लगी तो उन्होंने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर जानकारी मांगी। अध्यक्ष के नाम छोड़ा छु‌ट्टी का पत्र नगर परिषद अध्यक्ष को कार्यालय में मौजूद बाबू ने एक पत्र दिखाया है जिसे 20 तारीख को लिखा गया है। पत्र में बरही सीएमओ द्वारा अध्यक्ष से दो दिन का अवकाश व मुख्यालय छोड़ने की अनुमति मांगी गई है और अनुपस्थिति की स्थिति में सहायक उपनिरीक्षक मनोज कोरी चालू कार्यभार सौंपा है। जबकि आचार संहिता के बीच अध्यक्ष को पत्र नहीं लिखा जा सकता और न ही उनकी अनुमति से छुट्टी ली जा सकती है। इसके लिए विभाग प्रमुख को ही पत्र लिखा जा सकता है।
इसलिए अफसर मेहरबान
बताया जाता है कि संतोषी सेल्स कारपोरेशन के ठेकेदार अभिषेक शर्मा अधिकारियों को नेपाल यात्रा करा रहे हैं। वायरल फोटो में ठेकदार अभिषेक दुबे, बरही सीएमओ राम शिरोमणि त्रिपाठी, लेखापाल रमेश तोमर, राजस्व निरीक्षक / स्वच्छता प्राभारी तीरथ चतुर्वेदी नजर आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार ठेकेदार नगर परिषद से जुड़े करोड़ों के कार्य कर चुका है, जिसके चलते अफसर उस पर मेहरबान हैं। हवाई यात्रा क्यों और किसलिए कराई गई है, यह जांच का विषय है।
इस संबंध में डीके पासी, जिला परियोजना अधिकारी (डूडा) का कहना है कि सीएमओ ने 20 और 21 मई पर अवकाश पर रहने का आवेदन दिया है, जबकि आचार संहिता के चलते मुख्यालय नहीं छोड़ सकते। यदि वे देश से बाहर हैं तो यह निर्देशों की अवहेलना है। ऐसी लापरवाही पर इनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परमेश जलोटे, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन जबलपुर संभाग का कहना है कि बरही सीएमओ राम शिरोमणि, लेखापाल रमेश तोमर, सहायक ग्रेड 3 तीरथ चतुर्वेदी ने कोई अवकाश नहीं लिया है। मामले की जांच कराई जाएगी।
पीयूष अग्रवाल, अध्यक्ष, नगर परिषद बरही का कहना है कि सीएमओ व अन्य कर्मचारियों के ठेकेदार के साथ नेपाल टूर पर जाने की जानकारी मिली थी। परिषद कार्यालय में मेरे नाम से 20 तारीख का लिखा हुआ पत्र मिला है, जिसमें मैं आचार संहिता में नहीं ले सकता। कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों को इस विषय से अवगत कराया गया है। यह अनुचित है।

Related Articles

Back to top button