मुस्लिम त्योहार कमेटी सिलवानी की नई कार्यकारिणी गठित, राहिल खान बने अध्यक्ष, दो वर्ष का होगा कार्यकाल

सिलवानी। मुस्लिम त्योहार कमेटी सिलवानी की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को मेहमान खाना परिसर में आयोजित की गई। बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर चर्चा की गई, जिसमें सर्वसम्मति से राहिल खान को कमेटी का नया अध्यक्ष चुना गया।
बैठक की अध्यक्षता कमेटी के संरक्षक मंडल द्वारा की गई। संरक्षक मंडल ने निर्णय लिया कि इस वर्ष से मुस्लिम त्योहार कमेटी का कार्यकाल दो वर्ष का रहेगा, ताकि कमेटी के कार्यों में स्थायित्व और निरंतरता बनी रहे।
अध्यक्ष चुने जाने के उपरांत राहिल खान ने सभी वरिष्ठ सदस्यों एवं संरक्षक मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि
मुस्लिम त्योहार कमेटी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर पूरी निष्ठा और लगन से खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। हमारा उद्देश्य समाज में भाईचारा, अमन और आपसी सहयोग की मिसाल कायम करना है।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में प्रत्येक मोहल्ले में जाकर मोहल्ला कमेटियों का गठन किया जाएगा, ताकि त्योहारों के दौरान सामूहिक समन्वय और शांति व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कमेटी का मुख्य उद्देश्य आने वाले सभी धार्मिक एवं सामाजिक अवसरों पर शांति, सौहार्द और आपसी एकता का संदेश फैलाना रहेगा।
कार्यक्रम में मुस्लिम त्योहार कमेटी के सभी वरिष्ठ सदस्य, संरक्षक मंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन सौहार्दपूर्ण माहौल में किया गया और अंत में नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दी गईं।



