मध्य प्रदेश

नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया नशा मुक्ति का संदेश, कलाकारों ने बताया—नशे से दूरी क्यों है जरूरी

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नशा मुक्ति को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय, भोपाल के मार्गदर्शन में जन चौपाल संस्था, भोपाल के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने जीवंत अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने शराब, तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट सहित अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान को बेहद सरल एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
कलाकारों ने विभिन्न पात्रों के माध्यम से दिखाया कि किस तरह नशे की लत व्यक्ति को धीरे-धीरे आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद और सामाजिक समस्याओं की ओर ले जाती है। वहीं युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने “नशे से दूरी क्यों है जरूरी” विषय को केंद्र में रखते हुए लोगों से नशे का त्याग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। नुक्कड़ नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे और कलाकारों की प्रस्तुति के माध्यम से दिए गए संदेश को ध्यानपूर्वक सुना।
आयोजकों ने कहा कि नशा मुक्ति के लिए केवल सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि परिवार, समाज और युवाओं की सहभागिता भी जरूरी है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देना और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

Related Articles

Back to top button