सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

विद्यार्थियों ने चित्रों और विचारों के माध्यम से प्रस्तुत की विकसित भारत की परिकल्पना
सिलवानी। सेवा संकल्प अभियान “जन सेवा से राष्ट्र सेवा” एवं “मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत की संकल्पना” के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड सिलवानी स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से चयनित विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ एवं समृद्ध भारत तथा राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को अपनी कला के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देश के विकास, शिक्षा, सेवा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्थान प्रदान किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुमारी लिली राजपूत, कक्षा 9वीं, पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलवानी ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान शिवांश साहू, कक्षा 12वीं, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सियारमऊ ने प्राप्त किया। वहीं तृतीय स्थान अनामिका अहिरवार, कक्षा 12वीं, साइनखेड़ा हायर सेकेंडरी स्कूल सिलवानी ने हासिल किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत सम्मिलित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना की तथा विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि “सेवा संकल्प अभियान जन सेवा से राष्ट्र सेवा और मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। विद्यार्थियों में प्रतिभा और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है। आज के विद्यार्थी ही आगे चलकर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
उन्होंने कहा कि चित्रकला और भाषण जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशक्ति, विचारों और प्रतिभा को मंच प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी एवं सकारात्मक सोच विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू भाजपा नेता विभोर नायक जिला पंचायत सदस्य राकेश उइके पाषर्द प्रदीप कुशवाहा गुड्डू भाई पूर्व पार्षद नीरज नेमा पप्पू शारद मतंबर विकास खंड अधिकारी रुपेश ठाकुर संदीपनी विद्यालय के प्राचार्य एन पी शिल्पी पी एम श्री प्राचार्य सोनल नामदेव सहित विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य अभिभावक एवं छात्र उपस्थित रहे।



