धार्मिकमध्य प्रदेश

बसंत पंचमी पर नगर में निकली झंडा एवं चुनरी यात्रा, मां विजयासन माता मंदिर में हुआ कन्या भोज


सिलवानी। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर नगर में झंडा एवं चुनरी यात्रा का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। यात्रा का शुभारंभ नगर के कांठिया मंदिर से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक आस्था और परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से निकाली गई इस यात्रा में विभिन्न धार्मिक ध्वज, झंडे, बैंड पार्टी एवं सुसज्जित रथ शामिल रहे।
श्रद्धालु हाथों में झंडा व चुनरी लेकर भक्ति भाव से यात्रा में सम्मिलित हुए, वहीं महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई विभिन्न धार्मिक स्थलों से गुजरकर मां विजयासन माता मंदिर पर संपन्न हुई। कार्यक्रम में नगर के प्रमुख नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। आयोजकों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य धार्मिक सहिष्णुता, सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।
इसी अवसर पर मां विजयासन माता मंदिर की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में भव्य कन्या भोज का आयोजन किया गया। मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों कन्याओं को आमंत्रित कर श्रद्धा व सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। मंदिर समिति एवं पुजारियों द्वारा कन्याओं का तिलक कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
श्रद्धालुओं ने भक्तिपूर्वक मां विजयासन की पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति ने बताया कि हर वर्ष बसंत पंचमी के दिन कन्या भोज का आयोजन किया जाता है, जिससे समाज में सद्भावना, एकता और महिलाओं के सम्मान का संदेश प्रसारित होता है।

Related Articles

Back to top button