मध्य प्रदेश
परासई पेट्रोल पंप के पास पेड़ गिरने से बाइक सवार दंपति की दर्दनाक मौत

ब्यूरो चीफ ; भगवत सिंह लोधी
जबेरा । दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत परासई पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में जबलपुर निवासी बाइक सवार दंपति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुंडलपुर से जबलपुर लौट रहे दंपति की बाइक पर अचानक सड़क किनारे खड़ा पेड़ गिर गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से दोनों को जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान आशीष जैन एवं उनकी पत्नी शोभा जैन, निवासी जबलपुर के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद जांच शुरू कर दी।



