मध्य प्रदेश

सेफ क्लिक 2, 0 अभियान के तहत उमरियापान पुलिस ने लोगों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक

न्यू बस स्टैंड में चलाया जागरूकता अभियान, आनलाइन ठगी से बचाव के बताए प्रभावी उपाय
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । पुलिस मुख्यालय के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत उमरियापान पुलिस ने न्यू बस स्टैंड परिसर में साइबर जागरूकता अभियान चलाया । अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना, डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा ।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं से संवाद कर फर्जी बैंक कॉल, केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन लॉटरी, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लिंक, क्यूआर कोड स्कैन और ओटीपी के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी ।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी, यूपीआई पिन अथवा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया पर मिलने वाले फर्जी ऑफर एवं संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी ।
कार्यक्रम में लोगों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई । पुलिस ने बताया कि समय रहते शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है ।
अभियान में भरत सिंह मार्को, एएसआई कोदू लाल दाहिया, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही । बड़ी संख्या में महिलाओं एवं पुरुषों ने कार्यक्रम में भाग लेकर साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की ।
उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र कुमार जायसवाल ने नागरिकों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की ।

Related Articles

Back to top button