पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में 23 दिसंबर से 27 दिसंबर तक सेक्टर 19 में स्थित “ग्रामीण एवं औद्योगिक विकास अनुसंधान केंद्र चंडीगढ़” में नेहरू युवा केंद्र चंडीगढ़ की जिला युवा अधिकारी कुमारी संजना वत्स के मार्गदर्शन में आयोजित अंतरराज्यीय युवा आदान प्रदान कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ। इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के भोपाल जिले से एस्कॉर्ट के रूप में देवेंद्र वर्मा एवं संजय नागर ने मध्यप्रदेश से कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले पांच जिलों का प्रतिनिधित्व किया। मध्यप्रदेश से शामिल होने वाले पांच जिले यथा कटनी, रतलाम, झाबुआ, बुरहानपुर, हरदा रहे। कार्यक्रम समापन समारोह में मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह संयुक्त निदेशक खेल विभाग चंडीगढ़ प्रशासन, नेहरू युवा केंद्र पंजाब के राज्य निदेशक परमजीत सिंह शामिल हुए। कटनी जिले की टीम का प्रतिनिधित्व आस्था त्रिपाठी द्वारा किया गया। इसके साथ ही कटनी जिले से विकास यादव, खुशबू कटारे, शुभम श्रीवास, रोहित यादव भी शामिल हुए। जिसमें कटनी, बुरहानपुर, रतलाम, हरदा, झाबुआ के 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया । प्रतिभागियों ने कार्यक्रम के दौरान अपने-अपने क्षेत्र के अनुभव, संस्कृति एवं खान-पान आपस में साझा किये। साथ ही पांच दिवसों में प्रत्येक दिन अलग-अलग तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें पहले दिन कार्यक्रम की रूपरेखा के निर्धारण के साथ-साथ किट वितरण एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। दूसरे दिन प्रतिभागियों को क्षेत्र भ्रमण के लिए ले जाया गया। तीसरे दिन अलग-अलग सत्रों का आयोजन किया गया उसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, तत्पश्चात फिल्म स्क्रीनिंग करवायी गई। चौथे दिन पुनः फील्ड विजिट के साथ कुक ओन फूड का कार्यक्रम रखा गया जिसमें सभी प्रतिभागियों को मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिले के प्रसिद्ध भोजन के बारे में जानने का अवसर मिला। संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने बढ़ चढ़कर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। समापन समारोह के पश्चात प्रतिभागियों ने भारी मन से विदाई ली।



