आम आदमी पार्टी ने किया केजरीवाल गारंटी कोड लॉन्च
सिलवानी । आम आदमी पार्टी द्वारा सिलवानी विधानसभा में केजरीवाल गारंटी कोड लॉन्च किया गया है। पार्टी का कहना है कि अगर मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो जनता को हम कई सुविधा देंगे। जिनमे प्रमुख रूप से योजनाओं का उल्लेख किया गया है।
■ बिजली गारंटी
दिल्ली और पंजाब की तरह मध्य प्रदेश में भी हर महीने हर घर को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। मध्य प्रदेश के सभी गांव और शहरों में बिना कट लगे 24 घंटे बिजली दी जाएगी। मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर सारे पुराने बकाया घरेलू बिल माफ किए जाएंगे।
■ शिक्षा गारंटी
मध्य प्रदेश के हर बच्चे को अच्छी और फ्री शिक्षा दी जाएगी। दिल्ली की तरह सभी सरकारी स्कूलों को शानदार बनाया जाएगा। दिल्ली की तरह मध्य प्रदेश में भी प्राइवेट स्कूलों की नाजायज़ फीस नहीं बढ़ने देंगे। सभी कच्चे शिक्षकों को पक्का किया जाएगा। शिक्षकों के सभी खाली पद भरे जाएंगे। शिक्षकों को शिक्षण के अलावा और कोई भी अन्य कार्य नहीं दिया जाएगा।
■ स्वास्थ्य गारंटी
दिल्ली की तरह मध्य प्रदेश के हर नागरिक के लिए मुफ्त और अच्छे इलाज का इंतजाम किया जायेगा । दिल्ली की तरह सभी दवाइयाँ, टेस्ट और ऑपरेशन मुफ्त किए जाएंगे। दिल्ली की तरह हर गांव और वार्ड में मोहल्ला क्लीनिक खोला जायेगा । मध्य प्रदेश के सभी मौजूदा सरकारी अस्पतालों को शानदार बनाया जाएगा और नए सरकारी अस्पताल खोले जाएंगे। सभी रोड एक्सीडेंट मरीजों को पूरे मध्य प्रदेश में मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी।
■ भ्रष्टाचार मुक्त मध्य प्रदेश की गारंटी
दिल्ली की तरह मध्य प्रदेश में भी भ्रष्टाचार को पूरी तरह खत्म किया जाएगा। किसी भी सरकारी दफ्तर में काम करवाने के लिए आपको वहां नहीं जाना पड़ेगा। दिल्ली की तरह एक फोन नंबर जारी करेंगे, आप उस फोन पर कॉल करके काम बताओ, कोई सरकारी कर्मचारी आपके घर आकर काम करके जाएगा। आपको किसी को रिश्वत देने की जरूरत नहीं होगी।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष ओमदेव पटेल, जिला सचिव सुनील रघुवंशी, ब्लॉक अध्यक्ष नीतेश साहू, राजेश सोलंकी, उपाध्यक्ष अरविंद यादव, सर्किल प्रभारी कमलेंद्र, पुष्पेंद्र रघुवंशी, अलीम खान, सुनील यादव, जाहर रजक, इत्यादि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



