ईद उल अजहा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

शांति और सद्भाव के साथ मनाया जाएगा ईद का त्यौहार
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज में मुस्लिम समाज का महत्वपूर्ण त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरा ईद) की व्यवस्थाओं को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक एसडीएम सौरभ मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव तहसीलदार एसआर देशमुख, टीआई राजीव उईके, सीबीएमओ डॉक्टर नितिन तोमर, नगर पालिका से महेंद्र विश्वकर्मा व शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।
ईद के पर्व को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता चांद मियां एडवोकेट और जमीयत उलेमा के सदर मौलाना सैयद जैद अली ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कुर्बानी के बारे में प्रकाश डालते हुए नगर की गंगा जमुनी परंपरा और आपसी सद्भाव का जिक्र किया।
मुस्लिम त्योहार कमेटी अध्यक्ष मो. शफीक अली ने जानकारी दी की मौसम साफ रहने पर ईद की नमाज ईदगाह में सुबह 7:30 बजे मक्का मस्जिद बालाई टेकरी पर सुबह 7:45 बजे और जामा मस्जिद में सुबह 8 बजे अदा की जाएगी यदि बारिश हो जाती है तो फिर ईद की नमाज चार मस्जिदों में अदा की जाएगी। दोपहर 2 बजे से शहर के सभी अखाड़े काजी मोहल्ला पहुंचेंगे वहां से अखाड़ों का जुलूस विभिन्न चल समारोह मार्गो से होता हुआ टेकरी पर चांद शाह बाबा की दरगाह पर पहुंचेगा, जहां अखाड़ो के लड़के सलामी लेंगे अन्य कार्यक्रम उपरांत समापन होगा। नमाज स्थलों अखाड़ा कार्यक्रम स्थल एवं चल समारोह मार्गों की साफ सफाई चूना लाइन, ईद के दिन सुबह जल्दी पेयजल सप्लाई, ईदगाह पर वुजु हेतु पानी टैंकर, नगर पालिका की तीन दिन कचरा गाड़ियां कुर्बानी के बाद वेस्टेज मटेरियल एकत्रित करने के लिए भेजने, व अन्य व्यवस्थाओं की बात रखी जिस पर एसडीएम सौरभ मिश्रा ने नगर पालिका के लेखापाल महेंद्र विश्वकर्मा को समय से पूर्व व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
वहीं एसडीएम सौरभ मिश्रा एसडीपी आलोक श्रीवास्तव ने उपस्थित शांति समिति सदस्यों विशेष कर मुस्लिम त्योहार कमेटी की जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि बकरों व पाड़े की कुर्बानी के अतिरिक्त कोई अन्य बड़े जानवरों व शासन द्वारा प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी नहीं की जाए इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए, कुर्बानी के बाद वेस्टेज मटेरियल रास्तों के किनारे या खून नालियों में न बहाया जाए, नगर पालिका की कचरा गाड़ियों में ही वेस्टेज मटेरियल बोरी में भरकर डाला जाए जो टीचिंग ग्राउंड पर नगर पालिका द्वारा खोदे गए गड्ढे में ले जाकर दफन किया जाएगा। सभी लोग मिलजुल कर शांति और सद्भाव के साथ कुर्बानी की इस पर्व को मनाए और एक दूसरे की भावनाओं का ख्याल करें।
बैठक में शांति समिति सदस्यों में उक्त के अलावा मलखान सिंह जाट, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष संतोष राय, नपा उपाध्यक्ष सुदर्शन घोषी, पूर्व पार्षद मुन्ना अली दाना, शहादत अली, जावेद पठान, सविता भार्गव, जय कुमार जैन, पार्षद गुलाब रजक, नासिर नवाब, डॉ जितेंद्र सिंह तोमर, राजा बाबू सेन, बिट्टू यादव, शरद शर्मा, विशाल शिल्पकार सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।



