मध्य प्रदेशराजनीति

भाजपा का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, सशक्त और समृद्ध राष्ट्र बनाना है

संगठनात्मक शक्ति के कारण ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी
भाजपा समाज के सभी समाज वर्गों को साथ लेकर चलने वाला राजनीतिक दल है
कार्यकर्ता की निष्ठा, समर्पण और कर्मठता ही भाजपा की असली ताकत है : हेमंत खण्डेलवाल

रायसेन । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को रायसेन एवं विदिशा जिले में आयोजित मंडल प्रशिक्षण वर्ग, जिला पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि बैठक एवं छोटी टोली बैठक को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल ही नहीं एक ऐसी विचारधारा और मिशन है, जो देश के हर नागरिक की प्रगति और समृद्धि के लिए काम करता है। भाजपा का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, हर समाज वर्ग के उत्थान के लिए काम करना है, ताकि हम एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र बना सकें। हमारी विचारधारा और संगठनात्मक शक्ति के कारण ही आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। यह कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और हमारे सिद्धांतों के प्रति अडिग विश्वास का परिणाम है। हम सब मिलकर एक महान राष्ट्र के निर्माण के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। यही हमारी ताकत है, और यही हमें एक सशक्त राष्ट्र बनाने में मदद करेगा। भाजपा के कार्यकर्ता ही पार्टी का चेहरा होते हैं। आपका आचरण, आपकी निष्ठा और समर्पण ही पार्टी की असली ताकत हैं।  
*हमारी सफलता का आधार निरंतर प्रशिक्षण और आत्मसुधार है*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि हमारी सफलता केवल एक क्षणिक उपलब्धि नहीं होती, बल्कि यह निरंतर मेहनत और सीखने की प्रक्रिया का परिणाम होती है। हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि हम पहले से ही सफलता के शिखर पर हैं, क्योंकि सफलता एक निरंतर चलने वाली यात्रा है, जो सीखने और आगे बढ़ने से ही संभव हो सकती है। यह जरूरी है कि हम अपनी कार्यशैली में सुधार करते रहें और नई जानकारी, नए दृष्टिकोण और नए कौशल से अपने आप को लगातार सुधार करते रहें। निरंतर प्रशिक्षण केवल ज्ञान वृद्धि के लिए नहीं है, बल्कि यह हमारे कार्यकर्ताओं को पार्टी के मूल्यों, सिद्धांतों, आंतरिक लोकतंत्र और समन्वय की गहरी समझ प्रदान करता है, जो पार्टी को और भी मजबूत और प्रभावी बनाता है। यही कारण है कि भाजपा हमेशा अपनी विचारधारा और कार्यपद्धति के प्रति सशक्त और अडिग रहती है। हम चाहे किसी भी दायित्व पर हों, सभी को कार्यकर्ता भाव के साथ कार्य करना है। सभी कार्यकर्ता समान हैं, सिर्फ दायित्व का अंदर होता है। दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन सभी में कार्यकर्ता भाव बना रहना चाहिए। पार्टी पदाधिकारियों को मंडल और मंडल पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर पहुंचकर संगठन के कार्यों को बुलंदियों तक ले जाना है। प्रशिक्षण वर्ग नवीन कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति बताने के साथ संघर्ष को भी बताने के लिए है कि किस प्रकार के संघर्षों से पार्टी के महापुरूषों ने संगठन को यहां तक पहुंचाया है।
*भाजपा की विचारधारा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी की स्थायी, स्पष्ट और सशक्त विचारधारा ही वह ताकत है जो हमें अन्य राजनीतिक दलों से अलग करती है। यह विचारधारा हमें समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान में सच्चे ढंग से काम करने की प्रेरणा देती है। यही विचारधारा हमें अडिग बनाती है, चाहे चुनाव परिणाम कुछ भी हों। प्रशिक्षण से न केवल व्यक्तिगत क्षमताओं का विकास होता है, बल्कि यह संगठन को भी एकजुट करता है। जब हम एक साथ मिलकर अपने विचारों और सिद्धांतों पर प्रशिक्षण लेते हैं, तो हम अपनी कार्यप्रणाली में और दक्षता हासिल करते है। इससे हम एक मजबूत संगठन के रूप में खड़े होते हैं, जो अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में सक्षम होता है। भाजपा लगातार सत्ता में है, इसका पूरा श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम को जाता है। भाजपा के लिए राजनीति सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम है। पार्टी कार्यकर्ता जनता की सेवा कर रहे हैं, इसलिए हम लगातार सत्ता में पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम जीवनभर सीखने की ललक बनाए रखें, तो सफलता खुद-ब-खुद हमारे पास आएगी। हमारी पार्टी की ताकत यही है कि हमेशा अपने विचारों और कार्यों को सशक्त बनाने के लिए प्रशिक्षण और संवाद करते रहते हैं।
इस अवसर पर रायसेन में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी, प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, वरिष्ठ नेता  रामपाल सिंह, संभाग प्रभारी तेजबहादुर सिंह, जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत सिंह बबलू भैया, पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जमुना सेन, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी पवन दुबे जिला उपाध्यक्ष राकेश तोमर सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी एवं समस्त मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष वरिष्ठ कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।  

Related Articles

Back to top button