मध्य प्रदेश

व्यक्तित्व एवं किशोरी विकास जांच शिविर आयोजित, 351 छात्राओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

रायसेन । माता शबरी कन्या परिसर छात्रावास में सेवा भारती द्वारा व्यक्तित्व एवं किशोरी विकास जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मध्यभारत प्रांत के प्रांतीय संगठन मंत्री सुरेंद्र सोलंकी एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. किरण शेजवार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। शिविर का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
अपने उद्बोधन में सुरेंद्र सोलंकी ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रहा है। भारत के युवा प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 21वीं सदी भारत की होगी, जिसमें महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और अमूल्य रहेगी।
प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. किरण शेजवार ने किशोरावस्था के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर रोचक एवं संवादात्मक शैली में प्रकाश डालते हुए इस आयु में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों की जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के उपाय भी बताए तथा छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर दिए।
शिविर के दौरान कन्या परिसर में अध्ययनरत 351 छात्राओं का जिला चिकित्सालय के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में सेवा भारती रायसेन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. ए.के. शर्मा, डॉ. उदय प्रताप तोमर, डॉ. रितिका शर्मा, डॉ. शीतल यादव, जिला कोषाध्यक्ष कमलेश तिवारी, संस्था के प्राचार्य सुधीर कुमार जैन तथा जिला पूर्णकालिक रंजीत धुर्वे सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button