मध्य प्रदेश

पौड़ी कला बी पंचायत में गंदगी का अंबार, स्वच्छता अभियान की उड़ रही धज्जियां

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा जनपद की ग्राम पंचायत पौड़ी कला बी में इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। गांव की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे के ढेर साफ़ दिखाई दे रहे हैं, लेकिन पंचायत प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के सरपंच और सचिव स्वच्छता अभियान को लेकर पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ भारत अभियान के दावे पौड़ी कला बी पंचायत में खोखले साबित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो सफाई कर्मियों की व्यवस्था की गई और न ही कचरा निस्तारण की कोई ठोस योजना बनाई गई।
पंचायत की इस लापरवाही से सवाल उठता है कि जब गांवों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी जिन पर है, वही अपने कर्तव्यों से मुंह मोड़ लें, तो स्वच्छता अभियान कैसे सफल होगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषी सरपंच और सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पौड़ी कला बी पंचायत को गंदगी से निजात मिल सके और स्वच्छता अभियान सही मायनों में लागू हो सके।

Related Articles

Back to top button