ढीमरखेड़ा न्यायालय परिसर में आयोजित शिविर में नशामुक्त समाज का लिया संकल्प
हेलमेट पहनने और शराब पीकर वाहन न चलाने की दी गई सीख
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी जीतेन्द्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में सोमवार को न्यायालय परिसर ढीमरखेड़ा में विधिक साक्षरता एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया ।
कार्यक्रम में न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है । उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया ।
शिविर के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए । उपस्थित नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन नहीं चलाने की अपील की गई । वक्ताओं ने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी कई अनमोल जिंदगियों को बचा सकती है ।
कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश पयासी, अधिवक्ता राजकुमार पयासी, जयकिशोर शुक्ला, जय प्रकाश शुक्ला, नायब नाजिर शक्ति संजय सिंह, शिवम उपाध्याय, अवघेश असाटी सहित न्यायालय परिवार एवं अधिवक्ता संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे । सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण और विधिक जागरूकता के प्रसार में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया ।



