भक्ति सत्संग और भंडारे के साथ श्री सैलवारा धाम में मनेगी गुरु पूर्णिमा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान* । गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर श्री सैलवारा धाम में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ
गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा । इस अवसर पर परमहंसी अनंत श्री विभूषित श्री श्री 1008 स्वामी श्री प्रकाशवन अवधूत जी महाराज के प्रभु प्रेमियों एवं गुरु भक्तों द्वारा विख्यात संत परम पूज्य श्री आकाशवन कैलाशानन्द जी महाराज का पूजन-अर्चन एवं आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित होगा ।
आयोजन के दौरान गुरु पूजन, भजन-कीर्तन, सत्संग, प्रेरणादायी आशीर्वचन तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा । श्रद्धालु गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे ।
प्रभु प्रेमी भक्त जय प्रकाश तिवारी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा भारतीय सनातन संस्कृति का अत्यंत पावन पर्व है, जो गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण, कृतज्ञता और सेवा भाव व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है । गुरु ही जीवन को ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक मार्गदर्शन देकर सही दिशा प्रदान करते हैं ।
श्री सैलवारा धाम में कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं । आयोजन समिति श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं में जुटी हुई है । श्री शैलेश्वर धाम के महंत पूज्य श्री आकाशवन कैलाशानन्द जी महाराज ने सभी श्रद्धालुओं से गुरु पूर्णिमा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरु कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है ।



