मध्य प्रदेश

श्री राम नवमी पर नगर में निकलेगी शोभायात्रा

सिलवानी। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव राम नवमी के पावन अवसर पर कल सिलवानी नगर में सकल सनातन समाज के तत्वावधान में भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी राम नवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। अखिल भारतीय अखंड क्षत्रिय रघुवंशी युवा संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष राजीव सिंह रघुवंशी द्वारा घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह विशाल आयोजन सकल सनातन समाज के सहयोग से आयोजित हो रहा है जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नागरिक और श्रद्धालु शामिल होंगे। साथ ही लोगों से शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की जा रही है। राम नवमी के अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो जमुनियापुरा स्थित प्राचीन राम मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बजरंग चौराहा स्थित अनगढ़ हनुमान मंदिर पहुंचेगी जहां यात्रा का समापन होगा। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज, भजन, कीर्तन और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रहेगी।
आयोजकों के अनुसार शोभायात्रा में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। अखिल भारतीय अखंड क्षत्रिय रघुवंशी युवा संगठन के संभागीय मीडिया प्रभारी शिवकुमार रघुवंशी ने बताया कि आयोजन को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह है और सकल सनातन समाज के लोग मिलकर कार्यक्रम को भव्य बनाने में जुटे हैं। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button