बारिश बनी मुसीबत: कीचड़ में तब्दील हुए मुख्य मार्ग, तालाब बनी सड़के, जिम्मेदार बेखबर

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। हटा जनपद की ग्राम पंचायत बंधा इन दिनों बारिश के कारण बदहाल स्थिति से जूझ रही है। यहां की सड़कों पर बारिश का पानी भर जाता है और हालात ऐसे हो जाते हैं कि अगर महज एक घंटे की तेज बारिश हो जाए, तो उसका असर तीन दिन तक बना रहता है।
मुख्य बस स्टैंड से लेकर हनुमान मंदिर होते हुए पन्ना जिले की सीमा की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर पानी का जमाव आम बात हो गई है। यही मार्ग गांव के स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए प्रमुख रास्ता है, जिससे उन्हें हर दिन आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बारिश के पानी में सड़कें डूब जाती हैं और जब वाहन उस जलमग्न रास्ते से गुजरते हैं तो उसका छींटा पैदल चल रहे बच्चों पर पड़ता है। इससे उनके कपड़े गंदे हो जाते हैं, और कई बार उन्हें स्कूल पहुंचने में भी देर होती है। अभिभावक इस स्थिति से खासे चिंतित हैं, वहीं स्थानीय प्रशासन अब तक इस समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था कर इस समस्या का निराकरण किया जाए, जिससे बच्चों और आमजन को राहत मिल सके।



