मंथन एवं कार्ययोजना बाद नवीन व्यवस्था विकसित करने से बागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था हुई सुलभ
छतरपुर पुलिस टीम की 9 हफ्तों की लगातार मेहनत
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
छतरपुर । छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा में स्थित बागेश्वर धाम मंदिर में पिछले महीनों से श्रद्धालुओं की लगातार वृद्धि हो रही थी मंदिर क्षेत्र में सीमित व्यवस्थाएं होने के कारण एवं श्रद्धालुओं की अत्याधिक संख्या होने के कार दर्शनार्थियों को अत्याधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था , साथ ही पुलिस के लिए भी भीड़ प्रबंधन करना अत्यंत मुश्किल हो रहा था जिससे किसी भी समय अनहोनी की आशंका सदैव बनी हुई थी।
छतरपुर पुलिस द्वारा पुलिस महानिरीक्षक अनुराग एवं उप पुलिस महानिरीक्षक विवेक राज सिंह के मार्गदर्शन में एवं पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में मंदिर के दर्शनार्थियों के सुरक्षा एवं सुलभ दर्शन हेतु लगातार व्यवस्थाएं बनाए जाने हेतु लगातार प्रयास किया जा रहा था, वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया गया एवं मंदिर कमेटी को व्यवस्थाएं विकसित करने कई सुझाव लगातार दिए जा रहे थे, परंतु उनके लागू होने में समय लग रहा था।
श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए होल्ड अप एरिया विकसित होने में समय की आवश्यकता थी परंतु पिछले कई मंगलवार की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा मंगलवार के पूर्व वैकल्पिक व्यवस्था विकसित करने के लिए पुलिस टीम को निर्देशित किया गया ,
जिस के तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में एसडीओपी मनमोहन बघेल डीएसपी शशांक जैन , रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, थाना प्रभारी बमीठा पंकज शर्मा, सूबेदार नृपेंद्र, शारदा यादव , दलवीर मार्को एवं पुलिस टीम द्वारा उपलब्ध स्थानीय संसाधनों का उपयोग करते हुए रविवार और सोमवार को होल्ड अप एरिया विकसित किया गया और दर्शनार्थियों के लिए नवीन व्यवस्था तैयार की गई।
जिसका सोमवार रात्रि में पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं जाकर निरीक्षण किया गया और आवश्यक निर्देश दिए।
जिसके परिणाम स्वरूप 26 जुलाई मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने के बाद भी श्री बालाजी महाराज के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की मशक्कत नहीं करनी पड़ी और श्रद्धा पूर्वक सरलता से सभी को बालाजी महाराज के दर्शन करने को मिले।
बागेश्वर धाम लगातार आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार की व्यवस्थाओं से बालाजी महाराज के दर्शन करके अत्यंत प्रसन्नता हुई।
छतरपुर पुलिस सभी श्रद्धालुओं से निवेदन करती है दर्शन करने के लिए प्रशासन की बनाई हुई व्यवस्था में सहयोग करें एवं स्वअनुशासन के साथ बिना धक्का-मुक्की किए लाइन में लगकर दर्शन करें जिससे अन्य बुजुर्ग एवं महिला श्रद्धालुओं को भी सुगमता पूर्वक दर्शन हो सके ।




