मध्य प्रदेश

रामपालसिंह पहुंचे सिविल अस्पताल, बिजली गिरने से घायल बेटी का हालचाल जाना

डॉक्टर को दी हिदायत
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । तहसील अंतर्गत ग्राम सुनेहरा में आकाशीय बिजली गिरने से रश्मि लोधी घायल हो गई थी सूचना मिलते ही पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत तत्काल सिविल हॉस्पिटल पहुंचे और घायल बेटी का हालचाल जाना। उन्होंने शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए परिजनों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान कुछ मरीजों के परिजनों ने मंत्री रामपालसिंह को डॉक्टरों के व्यवहार और लापरवाही को लेकर शिकायत की। परिजनों का आरोप था कि डॉक्टर मरीजों से बदतमीजी से बात करते हैं और बिना उचित उपचार के तुरंत रेफर कर देते हैं। हाल ही में एक गर्भवती महिला को रायसेन रेफर किया गया था, जिसका प्रसव बीच रास्ते गैरतगंज में गाड़ी में ही हो गया।
रश्मि लोधी के परिजनों ने भी आरोप लगाया कि डॉक्टर उसे भी रायसेन रेफर करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन काफी मशक्कत के बाद बच्ची को वहीं भर्ती रखा गया और अब हालत में सुधार है।
रामपाल सिंह ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों के लापरवाह और असंवेदनशील व्यवहार पर नाराज़गी जताई और वरिष्ठ अधिकारियों को दूरभाष पर अवगत कराते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर उचित उपचार और बेहतर व्यवहार मिलना चाहिए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, नगर मंडल अध्यक्ष अजय जाट, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जगदीश लोधी, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुदर्शन घोषी, संतोष राय, कमल साहू व पार्षदगण एवं क्षेत्रीय जन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button