खेल

सांसद खेल महोत्सव क्रिकेट प्रतियोगिता, कैकड़ा टीम बनी विजेता

रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
देवरी । सांसद खेल महोत्सव अंतर्गत ग्राम कैकड़ा में क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल सम्पन्न।
64 टीमों की भागीदारी, कैकड़ा टीम बनी विजेता
ग्राम कैकड़ा में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में कुल 64 टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला रिछावर एवं कैकड़ा टीम के मध्य खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
फाइनल मैच में कैकड़ा टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में 132 रन बनाए और रिछावर टीम के समक्ष 133 रनों का लक्ष्य रखा। कैकड़ा टीम की ओर से कृष्णा लोधी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 100 रन बनाए। उनकी विस्फोटक एवं आकर्षक पारी मैच का मुख्य आकर्षण रही और टीम की विजय में निर्णायक सिद्ध हुई। अंततः कैकड़ा टीम ने मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया।
इस अवसर पर होशंगाबाद नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शनसिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विजेता एवं उपविजेता टीम को बधाई दी।
अपने संबोधन में सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, युवाओं को नशामुक्त एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा फिट और स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में ध्रुवसिंह राजपूत, कुलदीप बिश्नोई, महेश रघुवंशी जनपद सदस्य, जगदीश कुमार लोधी जागृति मंच संगठन सचिव, भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान सदस्य नीतिराज सिंह पटेल, नीलेश पटेल, संतोष कुमार रघुवंशी सरपंच करैया, रामस्वरूप सरपंच रिछावर, कामता प्रसाद लोधी सरपंच रमपुरा, नंदकिशोर रघुवंशी सरपंच नयाखेड़ा, बाबूलाल रजक सरपंच कैकड़ा, जितेन्द्र सिंह राजपूत सरपंच बरहा, हेमंत ठाकुर, प्रसाद पटेल, विनोद पटेल सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का यह प्रयास क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रहा है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु आयोजकों एवं ग्रामवासियों को हार्दिक बधाई दी गई।

Related Articles

Back to top button