एससी एसटी वर्ग ने आरक्षण के मुद्दे पर जुलूस निकालकर ज्ञापन सौंपा
बस स्टैंड से तहसील तक जुलूस की शक्ल में पहुंचे महामहिम राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह ठाकुर को सौंपा ज्ञापन
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज में एससी एसटी समाज द्वारा भारत बंद के आवाहन का असर तो नहीं रहा लेकिन समाज के लोगों ने बस स्टैंड डॉक्टर भीमराव अंबेडकर मूर्ति स्थल पर एकत्रित होकर जमकर नारेबाजी की और जुलूस निकालकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह ठाकुर को सौंप कर सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति को संविधान प्रदत्त आरक्षण की मूल भावना के विरुद्ध दिए गए निर्णय को लेकर संसद के विशेष सत्र को बुलाकर संविधान संशोधन कर निरस्त किए जाने की मांग की गई है।
आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट की सात सदस्यों वाली संविधान पीठ ने वर्ष 2004 के पाँच सदस्यों वाली संविधान पीठ के निर्णय को पलटते हुए 1 अगस्त 2024 को एससी एसटी के आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था को प्रभावित करने वाला फैसला सुनाया है जिससे उक्त समाज के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि केन्द्र सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय को निष्ठाभावी बनाने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाकर संविधान संशोधन विधेयक लाया जाए और संशोधन विधेयक पास कर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को निरस्त किया जाए। ज्ञापन का वचन परसराम अहिरवार ने किया।
ज्ञापन की प्रतियां प्रधानमन्त्री, अध्यक्ष, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, नई दिल्ली
अध्यक्ष राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति को भी भेजी गई हैं।



