प्रार्थना सभा में पहुंचे एसडीएम छात्राओं को दी प्रेरणादायक सीख

सिलवानी। मंगलवार को पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलवानी में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हर्षल चौधरी पहुंचे। उन्होंने विद्यालय की प्रार्थना सभा में शामिल होकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
प्रार्थना सभा उपरांत एसडीएम चौधरी ने छात्राओं को एक प्रेरणादायक कहानी सुनाई और कहा कि जीवन में समस्याएं चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हों, हार नहीं मानना चाहिए। सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से ही सफलता मिलती है।
उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। एसडीएम चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य शासन की ओर से शिक्षा के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर छात्राएं आगे बढ़ें और विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करें।
विद्यालय पहुंचकर एसडीएम ने अपने विद्यार्थी जीवन को याद किया। प्राचार्य व शिक्षकों से चर्चा कर विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली और छात्राओं की पढ़ाई को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।



