निर्माणाधीन संदीपिनी विद्यालय पहुंचीं एसडीएम, गुणवत्ता और कार्य की रफ्तार परखी

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । एसडीएम प्रियंका भलावी ने गुरुवार को निर्माणाधीन संदीपिनी विद्यालय का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के संबंधित इंजीनियर भी मौजूद रहे।
एसडीएम ने विद्यालय भवन के निर्माण कार्य, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता तथा विभिन्न निर्माणाधीन हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षों, बरामदों, सीढ़ियों, विद्युत एवं जलापूर्ति व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाओं सहित अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम भलावी ने संबंधित इंजीनियरों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जाए। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने और कार्य में तेजी लाकर समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी से कहा कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक भवन उपलब्ध कराया जा सके।



