कुशवाहा विकास मंच ने नवनियुक्त एल्डरमैनों का किया सम्मान, समाज की एकजुटता पर दिया जोर

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर पालिका परिषद में हाल ही में नियुक्त एल्डरमैनों का गुरुवार को कुशवाहा विकास मंच द्वारा आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त समाजसेवी मुकेश पटेल के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवनियुक्त एल्डरमैनों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से सम्मान कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में नगर मंडल अध्यक्ष अजय सिंह जाट, पार्षदगण, समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि नगर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। सभी एल्डरमैन समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए निष्पक्ष और समर्पित भाव से नगर के विकास में योगदान देंगे, ऐसी सभी ने आशा व्यक्त की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और जनसेवा की भावना को मजबूत बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज की संगठित शक्ति ही विकास की सबसे बड़ी ताकत है और इसी भावना के साथ सभी को मिलकर नगर व समाज के हित में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने नवनियुक्त एल्डरमैनों का पुष्पमालाओं से स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। आयोजन समाज की एकजुटता, पारस्परिक सहयोग एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।



