जामगढ़ में होगी शॉर्ट फिल्म की गुरुवार को शूटिंग

रिपोर्टर : कमल याज्ञवल्क्य
बरेली (रायसेन) । रायसेन जिले का ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल जामगढ़ अंतर्राष्ट्रीय पहचान हासिल करने जा रहा है । मध्यप्रदेश के श्रीकृष्ण पाथेय में सम्मिलित जामगढ़ में खजुराहो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए शॉर्ट फिल्म की शूटिंग होगी। यह उल्लेखनीय है कि यहाँ अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में प्रदेश शासन के मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने श्रीकृष्ण की इस ससुराल को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलने की बात मंच से कही थी। इसे उसी क्रम में माना जा रहा है ।
क्या है विशेष,,
जामगढ़ की जामवंत गुफा को भगवान श्रीकृष्ण की ससुराल के रूप में आधिकारिक मान्यता मिली हुई है । धर्मग्रंथों के अनुसार, यहाँ स्यमंतक मणि के लिए श्रीकृष्ण और जामवंत के बीच 27 दिन तक युद्ध हुआ था। पराजित होते ही जामवंत को श्रीकृष्ण के भगवद स्वरूप का बोध हुआ। उन्होंने श्रीकृष्ण को स्यमंतक मणि के साथ ही अपनी पुत्री जामवंती भी समर्पित की। तब से जामगढ़ को श्रीकृष्ण की ससुराल माना जाता है।
16 से 25 दिसंबर तक चलेगा फेस्टिवल,,,
फेस्टिवल के मध्यप्रदेश प्रभारी और जामगढ़ पर बन रही फिल्म के निर्देशक सुनील सोन्हिया ने बताया कि खजुराहो विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी है। यहाँ 16 से 22 दिसम्बर 2025 तक”खजुराहो इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल” का आयोजन होगा। इस फेस्टिवल में देश-विदेश के कलाकार, फ़िल्म निर्माता, निर्देशक एवं मीडिया प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन में यह फिल्म प्रदर्शित होगी।



