साहब, एक सप्ताह हो गया बेटे का अपहरण हुए, पुलिस ने दर्ज नहीं की एफआईआर
सिलवानी । तहसील के ग्राम धनगवां में एक पीड़ित परिवार ने पुलिस चौकी जैथारी में अपने पुत्र के साथ मारपीट कर अपहरण किए जाने की रिपोर्ट की थी। लेकिन पुलिस द्वारा गुमशुदगी कायम की गई। एक सप्ताह बाद भी पुलिस द्वारा कार्रवाई होने पर गुरुवार को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम एसडीएम पीसी शाक्य के रीडर अनिल भार्गव को ज्ञापन सौप कर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में रामभरोसी आदिवासी निवासी ग्राम धनगवां ने बताया कि गांव में बीते दो जनवरी को उसके पुत्र रीतेश आदिवासी की हैंडपंप के पास अन्नू आदिवासी से मामूली बहस या कहासुनी हुई थी। जिसके बाद अन्नू आदिवासी ने अपने पिता संतोष आदिवासी को फोन कर गुंडे बदमाशों को बुलवाकर मेरे पुत्र रीतेश आदिवासी से मारपीट की थी। देर शाम को वह रीतेश आदिवासी को संतोष आदिवासी सहित लगभग पांच लोग अल्टों में बैठाकर अपहरण कर ले गए। इस मामले में जैथारी पुलिस चौकी प्रभारी अरविन्द पांडे को मारपीट व अपहरण की लिखित शिकायत की थी। लेकिन अब तक आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज नहीं हुआ।



