भारी बारिश में शिक्षक राजा भैया सोनी ने हाथ में तिरंगा लेकर दंडवती तिरंगा यात्रा

दंडवती होकर हर घर तिरंगा का अद्भुत संदेश
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । आजादी के अमृत महोत्सव को मनाने, हर घर तिरंगा और हर घर स्वच्छता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान को एक नए तरह से अपनी मातृभूमि पर अमली जामा पहनाया गया। बड़वारा विकासखण्ड के अन्तर्गत ग्राम भुड़सा के शिक्षक आचार्य डॉ. राजा भैया सोनी ने अपने ग्राम से श्री हनुमानजी मंदिर तक भारी बारिश में हाथ में तिरंगा लेकर दण्डवती तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्र व राष्ट्रध्वज के प्रति अपार सम्मान व्यक्त करते हुए लोगों को जागरूक किया। शिक्षक सोनी ने बताया कि हमारे पूर्वज स्व. रामशरण जी स्वर्णकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे जिन्होंने भारत माता को परतंत्रता की बेड़ियों से मुक्त कराने में अपना अनमोल योगदान दिया था। हमारे लहू में एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का लहू बहता है अतः हमेशा अपने देश के प्रति सर्वस्व न्यौछावर करने और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के द्वारा अपने राष्ट्र को गौरवान्वित करने का कार्य किया जाता है । उल्लेखनीय है कि शिक्षक राजा भैया सोनी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ बेटियों का सम्मान करने के लिए भारत को वैश्विक पहचान दिलाई है। आपके द्वारा संचालित नमामि जननि सुकर्म यात्रा को इंडिया, एशिया, वर्ल्ड बुक आफ रिकार्ड तथा विश्व के एकमात्र सर्वश्रेष्ठ अमिट रिकॉर्ड के रूप में भारत के नाम स्वर्णाक्षरों में दर्ज कराया गया है । शैक्षिक जगत व सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में नित नूतन नवाचार द्वारा सक्रिय भूमिका निभाकर लोगों को प्रेरित करने के लिए अनेक अन्तर्राष्ट्रीय संस्थानों ने आपकी सराहना की है और अन्तर्राष्ट्रीय प्रेरक के रूप में नामांकित किया गया है । राष्ट्र के प्रति संपूर्ण समर्पण की मंशा को लोगों ने सराहना करते हुए धन्यवाद दिया है।



