महर्षि वाल्मीकि जयंती पर निकली शोभायात्रा, नगरवासियों ने किया जोरदार स्वागत

सिलवानी। रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर नगर में शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवक-युवतियां और बच्चे शामिल हुए।
शोभायात्रा की शुरुआत नगर के कांठिया मंदिर से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हाईस्कूल प्रांगण में जाकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
भक्ति संगीत और डीजे पर बज रहे भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते हुए चल रहे थे। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत वातावरण में पूरा नगर राममय हो गया।
समाज के लोगों ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन हाईस्कूल मैदान में हुआ, जहां सामूहिक रूप से महर्षि वाल्मीकि जी की पूजा-अर्चना की गई।

