गौ-कथा महोत्सव का पूर्णाहुति के साथ समापन कथा पंडाल में गूंजे गौमाता के जयकारे
सिलवानी। नगर के रघुवंशी मैरिज गार्डन में चल रही सात दिवसीय गौ कथा महोत्सव का पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन कथा पंडाल श्रद्धालुओं से भरा था, श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कथावाचक गौवत्स पंडित अंकितकृष्ण तेनगुरिया ने कहा कि सच्चे मन से की गई पूजा हमेशा सफल होती है ईश्वर उसी को स्वीकार करते हैं भगवान ने जैसे रुकमणी की पुकार को सुना और उसकी हर पीड़ा को हर लिया ऐसे ही हरिहर से प्रार्थना है कि वह पीड़ित मानवता की रक्षा के लिए कृपा बरसाएं, इस धरा पर प्रभु की असीम कृपा है, जब जब धरती पर पाप बढ़ते हैं ईश्वर अवतरित होकर हमारी रक्षा करते हैं। ये सृष्टि भी परमपिता परमेश्वर की कृपा से चल रही है। उन्होंने कहा कि इंसान को अपने पर कभी घमंड नहीं करना चाहिए महाराजश्री ने अपील करते हुए कहा कि आप जितने विनम्र बनेंगे उतना ही आपका मन ईश्वर भक्ति में लगेगा। हरि गुणगान से हमारा जीवन धन्य हो जाता है इसलिए आज के व्यस्ततम जीवन में भगवान की पूजा पाठ के लिए जरूर समय निकालें। जितना कि शरीर के लिए भोजन की आवश्यकता होती है ठीक उसी प्रकार मन की शुद्धि और मन को निर्मल रखने के लिए भगवान की भजन की आवश्यकता होती है, इसलिए मन को पवित्र करने के लिए भगवान की पूजा पाठ और कीर्तन जरूर करनी चाहिए। सच्चे मन से की गई पूजा पाठ अवश्य ही सफल होती है सात दिवसीय संगीतमय गौ कथा महोत्सव में बढ़ चढ़कर भाग लेने वाले सभी श्रद्धालुओं का भी महाराज श्री ने आभार जताया। उन्होंने कहा कि आपने जिस तरह से श्रद्धा भाव से इस आयोजन में तन मन धन से जो सक्रिय भागीदारी निभाई उसके लिए निश्चित ही आप धन्यवाद के पात्र हैं। आयोजन समिति के सुरेंद्र सिंह रघुवंशी ने भी सहयोग करने वाले समस्त श्रद्धालुओं का आभार जताया। इस मौके पर आचार्य सत्येंद्र शास्त्री, पंडित आकाश दुबे और पंडित गणेशराम शर्मा ने पूर्णाहुति मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई, जिसमें मुख्य यजमान के साथ-साथ सभी श्रद्धालुओं ने भी यज्ञ में अपनी आहुति दी। गौवत्स पंडित अंकितकृष्ण तेनगुरिया की आगामी कथा राजधानी भोपाल में 13 जनवरी से 20 जनवरी तक श्री भक्तमाल कथा महोत्सव भोपाल स्टेशन के पास पुष्पा नगर में संपन्न होगा।