गरीबों की रोटी कपड़ा और मकान की चिंता सरकार की : मुख्यमंत्री
दलित आदिवासी लोगों को वन अधिकार पट्टे देकर संबल बनाएंगे
सिलवानी। मंगलवार को दोपहर बाद सिलवानी विस क्षेत्र के चंदपुरा (खमरिया) पहुंचे प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने जन जातीय भाई /बहनों से सीधा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गरीबों की रोटी, कपड़ा, मकान और इलाज की चिंता सरकार की है। आदिवासियों को वन अधिकार के तहत पट्टे दिए जाएंगे।
प्रतापगढ़ टप्पा (उप तहसील) बनेगा….
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ग्रामीणों को अब अपनी समस्याओं को लेकर दूर नही जाना पड़ेगा और नजदीकी प्रतापगढ़ को टप्पा बनाया जाएगा।उन्होंने कहा कि वन अधिकार पट्टो का फिर सर्वे हो और 2006 के पहले के कोई पट्टाधारी छूट गए हो तो उन्हें फिर पट्टा दिया जाये। मुख्यमंत्री ने जनजातीय भाई-बहनों से संवाद करते हुए कहा : रोटी, कपड़ा, मकान का हक सबको है। मुख्यमंत्री चौहान ने ग्राम चंदपुरा में जनजातीय भाई-बहनों से संवाद करते हुए कहा कि रोटी, कपड़ा मकान का हक सबको है। पूरे इलाके का सर्वे कराकर गरीबों को पक्के मकान दिए जाएंगे, राशन उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री भू-आवासीय योजना का भी लाभ दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में जनकल्याण शिविरों के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक गरीब को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करें। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए कि क्षेत्र में स्व-सहायता समूह बनाए जाएं। नए काम-धंधे उपलब्ध कराए जाएं। बच्चों को पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
गरीबों का जीवन बदलना है….
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गरीबों का जीवन बदलना है। अधिक आमदानी वाली फसलों को लगाएं, जल जीवन मिशन से हर घर में पानी उपलब्ध
कार्यक्रम में सिलवानी विधायक रामपाल सिंह राजपूत बोले कि दु:ख की इस घड़ी में हमारे संवेदनशील मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पीड़ित के परिवार को सहारा देने आए हैं। उन्होंने अस्पताल जाकर भी घायलों से मुलाकात की। घायलों के समुचित उपचार की निःशुल्क व्यवस्था की है। विधायक रामपालसिंह ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यो को पूर्ण किया गया है और आज भी अनेक हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। क्षेत्र के विकास में, लोगों के कल्याण में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रहेगी।
पीएम आवास, लाड़ली लक्ष्मी सहित अन्य योजनाओं से किया लाभान्वित
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सिलवानी तहसील के ग्राम चंदपुरा में आयोजित जनजातीय भाई-बहनों से संवाद कार्यक्रम में हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास, लाड़ली लक्ष्मी, पेंशन सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 870 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। साथ ही 190 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, 15 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश, लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 5 लाड़लियों को स्वीकृति आदेश तथा राष्ट्रीय परिवार सहायता के तीन प्रकरणों में 60 हजार रू सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री द्वारा तीन दिव्यांगजनों को ट्रायसकिल, एक दिव्यांग को व्हीलचेयर, एक दिव्यांग को बैशाखी तथा मानसिक रूप से अविकसित दो दिव्यांगजनों को एजुकेशन किट वितरित की गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, आईजी दीपिका सूरी, डीआईजी जगतसिंह राजपूत, कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल, जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा, चंदपुरा के सरपंच भगवत सिंह उईके सहित अन्य जनप्रतिधि, अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।




