मध्य प्रदेश

वृद्धजनों के दिए संस्कार ही सभ्य समाज की नींव होते हैं- कलेक्टर

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर महात्मा गॉधी वृद्धाश्रम में कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्टर : शिवलाल यादव, रायसेन
रायसेन। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग द्वारा जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी वृद्धाश्रम में शतायु वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे द्वारा शतायु वृद्धजन सुखियाबाई, गोदावरीबाई, हल्केराम तथा रामसिंह को शाल, श्रीफल एवं एक-एक हजार रूपए की राशि भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर दुबे ने कहा कि आज मैं वृद्धजनों को सम्मानित करते हुए स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूॅं। उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे घरों की धरोहर होते हैं। वृद्धजनों के दिए संस्कार ही सभ्य समाज की नींव हैं। उन्हीं से हमें जीवन की दिशा, अनुभव और अच्छे संस्कार मिलते हैं। कलेक्टर दुबे ने महात्मा गॉधी वृद्धाश्रम में जन सहयोग से वृद्धजनों के लिए की गई। व्यवस्थाओं की सराहना भी की। समारोह में वृद्धाश्रम में रह रहे 6 वृद्धजनों को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। वृद्धाश्रम में रह रहे शेष वृद्धजनों को पूर्व से ही वृद्धावस्था पेंशन मिल रही है। समारोह में उपस्थित वृद्धजनों को पुष्प वर्षा की गई तथा तिलक लगाकर और पुष्प हार पहनाकर उनका स्वागत किया गया।
समारोह में जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा तथा सामाजिक कार्यकर्ता डॉ नीरा चौधरी द्वारा भी संबोधित किया गया। साथ ही सामाजिक न्याय विभाग के जिला अधिकारी मनोज बॉथम द्वारा वृद्धजनों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। महात्मा गॉधी वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें चिकित्सकों द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। समारोह में सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री, सीएमओ रायसेन नपा आरडी शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button