मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री चौहान 12 अक्टूबर को रायसेन में सिंगल क्लिक के माध्यम से अनुग्रह सहायता राशि करेंगे वितरित

कलेक्टर ने की रायसेन में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा
रायसेन ।
रायसेन स्थित दशहरा मैदान में 12 अक्टूबर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना एवं मप्र भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मण्डल की अनुग्रह सहायता राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर अरविंद दुबे द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान द्वारा अनुग्रह सहायता राशि का वितरण सिंगल क्लिक के माध्यम से किया जाएगा। इस हितलाभ वितरण कार्यक्रम का सम्पूर्ण प्रदेश में लाईव प्रसारण होगा तथा मुख्यमंत्री अन्य जिलों के हितग्राहियों से संवाद भी करेंगे।
कलेक्टर दुबे ने कार्यक्रम के लिए अभी तक की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं पर्याप्त समय पहले पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने हैलीपेड, पंडाल, मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों के आगमन, निर्गमन, बैठक व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, पेयजल, हितग्राहियों को हितलाभ वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर दुबे ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान द्वारा अन्य जिलों के हितग्राहियों से वर्चुअली संवाद हेतु लीजलाईन एवं इंटरनेट व्यवस्था के संबंध में एनआईसी, ई-गवर्नेंस सहित अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर दुबे द्वारा बैठक में वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से उपस्थित सभी अनुभागों के एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित अन्य अधिकारियों को भी कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button