क्राइम

तीन नाबालिग प्रेमी जोड़े जबलपुर मंडला से भागकर आए, फार्म हाउस में मिले

एक जोड़ा तीन महीने पहले और दो प्रेमी जोड़े दो दिन पहले ही घर से भागकर पहुंचे हैं सलामतपुर
रायसेन । भोपाल क्षेत्र के एक पूर्व विधायक के फार्म हाउस के कर्मचारियों की सतर्कता के चलते शनिवार को तीन नाबालिग प्रेमी जोड़े सलामतपुर पुलिस की हिरासत में आ गए। एक प्रेमी जोड़ा मंडला और दो प्रेमी जोड़े जबलपुर से भागकर काम की तलाश में थाना क्षेत्र के घोड़ापछाड़ स्थित फार्म हाउस पहुंचे थे। सूचना मिलने पर तीनों नाबालिग लड़कियों और तीनों नाबालिग लड़कों को सलामतपुर पुलिस थाने ले आई। उनके परिजनों और पुलिस को जानकारी देकर पुलिस ने उनसे पूछताछ की। शनिवार सुबह 11 बजे थाना प्रभारी को पूर्व विधायक के फार्म हाउस से इन संदिग्ध जोड़ों के बारे में सूचना मिली थी।
पुलिस फार्म हाउस पहुंची और तीनों नाबालिग जोड़ों को थाने ले आई। सभी नाबालिगों की उम्र लगभग 15 से 16 वर्ष के बीच है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि एक नाबालिग लड़का लड़की 23 मार्च को मंडला जिला के बीजादांडी थाना क्षेत्र से भागे थे, जिसकी परिजनों ने थाने में रिपोर्ट की है।
बीजादांडी पुलिस ने आईपीसी की धारा 363 के तहत अपहरण का प्रकरण दर्ज किया था। लेकिन पुलिस को उन दोनों का कहीं कुछ पता नहीं चल रहा था। जबकि दो जोड़े जबलपुर के पनागर से तीन दिन पहले ही भागकर सलामतपुर पहुंचे हैं। इस मामले में भी पनागर थाने में इनके अपहरण का केस दर्ज है। मंडला और जबलपुर पुलिस सलामतपुर थाने पहुंची और पूछताछ के बाद तीनों नाबालिग प्रेमी जोड़ों को अपने साथ ले गई।
मजदूरी कर चलाया था खर्चा
23 मार्च को मंडला शहर के बीजामंडी थाना क्षेत्र से 15 से 16 वर्ष की आयु के दो नाबालिग लड़का-लड़की घर से भागकर परिहट गांव पहुंचे। यहां पर उन्होंने एक महीने तक राधेश्याम नाम के व्यक्ति के खेत पर मजदूरी की और फिर दूसरी जगह पर काम किया। मंडला और जबलपुर जिले के गांवों से भागकर आई तीनों लड़कियां और लड़के आपस में दोस्त हैं। इसमें से एक जोड़ा तीन महीने पहले घर से भागा था और उन्होंने अपने दोनों दोस्तों को तीन दिन पहले जबलपुर स्टेशन बुला लिया। यह दोनों भी पनागर गांव से अपनी नाबालिग प्रेमिकाओं को भगाकर लाए थे। इनके किसी परिचित ने सलामतपुर का पता बताया था कि वहां चले जाओ खेत पर काम मिल जाएगा। लेकिन फार्म हाउस के कर्मचारियों की समझदारी से वह गिरफ्त में आ गए।
इस संबंध में दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर ने बताया कि शनिवार को घोड़ापछाड़ को द्वारा तीन नाबालिग जोड़ों के काम की तलाश में आने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचकर तीनों को थाने ले लाए। बाद में संबंधित थाने और परिजनों को जानकारी दे दी थी। उन्हें शनिवार शाम को थाने पहुंची मंडला और जबलपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

Related Articles

Back to top button