नुक्कड़ नाटक करके मूल अधिकार एवं कर्तव्यों का बोध कराया
सिलवानी । तहसील विधिक सेवा समिति द्वारा विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत, सीएम राइज विद्यालय सिलवानी में संचालित विधिक साक्षरता क्लब के सदस्यों द्वारा मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया ।
जिसमें भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त छह मौलिक अधिकारों एवं 11 मूल कर्तव्य की को प्ले किया। कलाकारों द्वारा परिस्थितिया निर्मित करके एक्ट द्वारा समानता, स्वतंत्रता, शोषण के विरुद्ध अधिकार,धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार, संवैधानिक उपचारों का अधिकार एवं शिक्षा का अधिकार इन 6 मौलिक अधिकारों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक की प्रस्तावना स्कूल विधिक साक्षरता क्लब के प्रभारी विजय कुमार सोनी द्वारा बताई गई, तत्पश्चात बच्चों के द्वारा नाटक का प्रदर्शन किया गया। अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध कराने के लिए संविधान में निर्धारित 11 मूल कर्तव्य के बारे में भी कलाकारों द्वारा बताया गया। अधिकार तभी मिलते हैं जब हम अपने कर्तव्यों को निभाते हैं। राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान का सम्मान एवं शासकीय संपत्ति की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण सहित 11 मूल कर्तव्य का बोध कराया गया। नुक्कड़ नाटक प्रदर्शन में विद्यालय के प्राचार्य एनपी शिल्पी सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



