मध्य प्रदेश

बहू से परेशान सास ने लगाई गुहार, बोली बेटे और पोते को कर दिया दूर

समझाइश के बाद परिवार में हुई सुलह, बहू बोली करेगी सम्मान
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन।
ग्राम बनखेड़ी में रहने वाली एक महिला ने आवेदन देकर गुहार लगाई थी कि उसकी बहू ने बेटे और पौते को उनसे दूर कर दिया है, वह उनसे मिलने भी नहीं देती, और लड़ाई झगड़ा करती है। दोनो पक्षो को सुनने और समझाइश के बाद पारिवारिक विवाद में सुलह हुई। अच्छी बात यह रही कि यह पारिवारिक विवाद पहली ही सुनवाई में सुलझ गया।
परिवार परामर्श केंद्र की बैठक में मंगलवार को पारिवारिक विवाद के 3 प्रकरण रखे गए गए। ग्राम वनखेड़ी निवासी एक महिला ने अपनी बहू के खिलाफ आवेदन देकर शिकायत की थी कि उसकी बहू अपने मायके पक्ष के बहकावे में आकर उसका घर खराब कर रही है। बेटे को लेकर रायसेन आकर रहने लगी और बेटे व पौते से उन्हें मिलने नहीं देती। हालांकि दोनों पक्षों की सुनवाई में सामने आया कि गलतियां दोनों पक्षों की ओर से हुई, जिसकी वजह से गृहकलह की हालत बने। दोनों पक्षों की समझाइश देकर उनमें सुलह कराई गई। बहू ने वचन दिया कि वह कभी सास ससुर को पति व बेटे से मिलने से नहीं रोकेगी साथ ही अपने सास ससुर का सम्मान करेगी। सास ससुर को भी हिदायत दी गई कि वे भी बहू बेटे के दाम्पत्य जीवन मे जरूरत से ज्यादा दखल नहीं देंगे। दोनो पक्षों के सलाहकारों की समझाइश के बाद आपसी राजीनामा किया। इसके अलावा दो अन्य प्रकरणों मे पक्षकारों के अनुपस्थित रहने पर अगली तारीख दी गई।
परिवार परामर्श केंद्र की बैठक में एसडीओपी अदिति भावसार, अध्यक्ष कैलाश श्रीवास्तव, सलाहकार अशोक गुप्ता, चेतन राय, अनीता राजपूत, एएसआई अनिल वर्मा, आरक्षक लोकेंद्र मोर्य उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि एसपी विकास शाहवाल के मार्गदर्शन में हर मंगलवार को एसडीओपी कार्यालय में परिवार परामर्श केंद्र की बैठक आयोजित की जाती है, जिसके माध्यम से परिवारिक विवादों को आपसी सहमति के सुलझाने का प्रयास किया जाता है।

Related Articles

Back to top button