दो बाइको की भिंडत, एक की मौत, दो गंभीर! हेलमेट न पहनने की चुकानी भारी कीमत
सिलवानी । बम्होरी थाना क्षेत्र के चिंगबाड़ा कला गांव के पास मंगलवार शाम करीब 5 बजे मोटर साइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दोनों – युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान चिंगबाड़ा कला निवासी धर्मदास पिता हलकू उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई। दूसरी बाइक पर सवार कुण्डाली निवासी अवधेश पिता प्रेमशंकर उम्र 28 साल और दुष्यंत कुमार पिता रामविलास उम्र 25 साल गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर पर गहरी चोटें आई। डायल-112 की मदद से घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल सिलवानी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायसेन जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर राहुल धाकड़ ने बताया एक व्यक्ति मृत अवस्था में लाया गया था। बाकी दो घायलों की हालत नाजुक थी, इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायसेन रेफर किया गया है।
डॉक्टर राहुल धाकड़ का कहना है कि अगर तीनों ने हेलमेट पहना होता, तो आज स्थिति शायद इतनी गंभीर नहीं होती।
यह हादसा एक बार फिर बताता है कि मोटर वाहन अधिनियम सिर्फ कागज़ी कानून नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने का नियम है।
हेलमेट न पहनना सिर्फ चालान भरने का कारण नहीं—यह सीधे जीवन और मौत का फैसला बन सकता है!
संदेश साफ़ है हेलमेट बचाएगा आपकी जान!



