सूखे कुएं में सुरक्षित मिली लावारिस नवजात, हालत स्थित

मौत के मुंह से निकली जिंदगी
विदिशा । एमपी के विदिशा जिले के कुरवाई क्षेत्र में एक सूखे कुएं से एक दिन की नवजात बच्ची जीवित मिली। उसे कुएं में फेंका गया था, लेकिन मिट्टी की नमी ने उसे बचा लिया। मेडिकल कॉलेज में भर्ती बच्ची की हालत स्थिर है, वह 1.6 किलोग्राम की प्रीमैच्योर है।
विदिशा जिले के कुरवाई क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम तमोईया-पाराशरी के बीच एक खेत में स्थित सूखे कुएं से शुक्रवार सुबह एक दिन की नवजात बच्ची जीवित अवस्था में मिली। किसी ने उसे मरने के लिए कुएं में फेंक दिया था, लेकिन मिट्टी की नमी ने उसे सुरक्षित रखा और उसे खरोंच तक नहीं आई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
प्राथमिक जांच के बाद नवजात को मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत स्थिर है। उसका वजन करीब 1.6 किलोग्राम है और वह सात माह की प्रीमैच्योर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक बच्ची को कुएं में फेंका गया है, हालांकि कुछ लोग इसे संदिग्ध भी मान रहे हैं। मामले की तह तक पहुंचने के लिए आसपास के प्रसव केंद्रों और आशा कार्यकर्ताओं से जानकारी जुटाई जा रही है। स्वास्थ्य परीक्षण पूरा होने के बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति के माध्यम से शिशु गृह भेजा जाएगा, जहां उसकी देखभाल की जाएगी।



