मंदिर के सामने शराब दुकान हटाने को लेकर विहिप-बजरंग दल का अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार से

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वाधान में 16 अप्रैल दिन गुरुवार को सुबह 11 बजे से कलेक्टर कार्यालय कटनी में अनिश्चितकालीन धरना एवं उग्र प्रदर्शन किया जाएगा । यह आंदोलन शहर के घंटाघर क्षेत्र में स्थित हनुमान मंदिर के सामने संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि उक्त शराब दुकान को हटाने के लिए प्रशासन को कई बार शिकायत पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि मंदिर आस्था का केंद्र होता है और उसके सामने शराब दुकान का संचालन धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
प्रांत सह संयोजक राहुल दुबे ने कहा कि प्रशासन को बार-बार अवगत कराने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है । उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मंदिर के सामने से शराब दुकान नहीं हटाई जाती, तब तक यह धरना-प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।
संगठन ने क्षेत्रवासियों से भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।



