वक्फ बोर्ड संशोधन कानून 2025 पर मुस्लिम समाज का विरोध, काली पट्टी बांधकर जताया आक्रोश
सिलवानी । भारत सरकार द्वारा प्रस्तुत वक्फ बोर्ड संशोधन कानून 2025 के खिलाफ मुस्लिम समाज ने आज पूरे नगर सिलवानी में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध शुक्रवार की परंपरागत जुम्मे की नमाज के बाद हुआ, जब हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग सड़कों पर उतरे और इस विवादास्पद कानून के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
वक्फ बोर्ड संशोधन कानून का विरोध
वक्फ बोर्ड, जो मुसलमानों की धार्मिक संपत्तियों के प्रबंधन और संरक्षण का जिम्मेदार है, अब एक नए संशोधन कानून के तहत केंद्र सरकार के अधिक नियंत्रण में आ सकता है। मुस्लिम समाज का कहना है कि यह कानून संविधान के अनुच्छेद 25, 26 और 14 का उल्लंघन करता है, जो धार्मिक स्वतंत्रता की गारंटी देते हैं। मुस्लिम समुदाय का मानना है कि इस कानून के माध्यम से उनकी धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला किया जा रहा है और देश में सामाजिक अस्थिरता फैल सकती है।
सभी मुस्लिम समुदाय एकजुट
मुस्लिम समाज के लोग इस कानून के खिलाफ अपने धार्मिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हो गए हैं। सिलवानी के मुसलमानों का कहना है, “हम किसी भी हालत में अपनी मस्जिद का एक भी इंच नहीं खोने देंगे, वक्फ हमारे लिए इबादत का स्वरूप है।
मुस्लिम यूनियन अध्यक्ष, कामरान खान ने भी इस विरोध प्रदर्शन में अपनी बात रखी और कहा, “वक्फ की संपत्तियां गरीबों, बेसहारों और शिक्षा के लिए होती हैं। इन संपत्तियों का सही प्रबंधन और उपयोग मुस्लिम समुदाय के हितों की रक्षा के लिए जरूरी है, लेकिन इस संशोधन कानून से वक्फ बोर्ड की स्वायत्तता समाप्त हो जाएगी और यह एक सरकारी संस्था में बदल जाएगा।
संशोधन कानून के प्रावधान
धारा 40 में संशोधन के तहत अब वक्फ बोर्ड के मामलों में कोर्ट में मामला दायर करना संभव हो जाएगा, जबकि पहले इसका कोई प्रावधान नहीं था। मुफ्ती तय्यब साहब ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा, “सरकार पर विश्वास नहीं किया जा सकता, क्योंकि जो लोग आपको जहर देते हैं, वे उसे शहद कहकर पेश करते हैं।
धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन
मुस्लिम समाज का मानना है कि यह विधेयक संविधान के तहत मिली धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ है। वे इसे सरकार द्वारा मुस्लिम धार्मिक संस्थाओं पर बढ़ते नियंत्रण के रूप में देख रहे हैं यह कानून हमारे मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है इस माध्यम से सरकार एक खास समुदाय के खिलाफ असंवैधानिक रूप से कार्रवाई कर रही है,” मुफ्ती ज़ेद साहब* ने कहा वक्फ बोर्ड में सुधार की आवश्यकता।
समाज का मानना है कि वक्फ बोर्ड में सुधार की आवश्यकता जरूर है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इसे पूरी तरह से सरकारी नियंत्रण में सौंप दिया जाए। “हमें पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ वक्फ बोर्ड को मजबूत करने की जरूरत है, न कि इसे एक सरकारी संस्था बना दिया जाए,” उन्होंने आगे कहा। सरकार से मांग – कानून वापस लिया जाए।
मुस्लिम समाज ने सरकार से मांग की है कि इस संशोधन कानून को तत्काल वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि, “हमें अपने संविधान और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा करनी चाहिए, और वक्फ बोर्ड जैसी संस्थाओं को उनके स्वायत्त अधिकारों के साथ कार्य करने का अवसर देना चाहिए।
विरोध प्रदर्शन के अंत में सभी ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि वे एक ऐसे रास्ते पर चलेंगे जो सभी धर्मों और समुदायों के बीच समानता और सम्मान को बनाए रखे।
इस प्रदर्शन के माध्यम से मुस्लिम समाज ने न केवल वक्फ बोर्ड संशोधन कानून के खिलाफ आवाज उठाई, बल्कि अपने अधिकारों की रक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता की संजीवनी को भी सशक्त बनाने की अपील की।



