सड़क के अभाव में जान जोखिम में डालकर स्कूल जा रहे सगवा के बच्चे, वायरल वीडियो ने खोली विकास की हकीकत

बरसाती नाला पार कर स्कूल तक पहुंच रहे मासूम, ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और सुरक्षित आवागमन की उड़ाई मांग
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत लालपुर के ग्राम सगवा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है । वीडियो में स्कूली बच्चे बारिश के दौरान उफनते नाले और कीचड़ से भरे रास्ते को पार कर स्कूल जाते नजर आ रहे हैं । इस दृश्य ने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं, विशेषकर सड़क निर्माण की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं ।
ग्रामीणों का कहना है कि सगवा गांव तक आज भी पक्की सड़क नहीं पहुंची है । हर वर्ष बरसात के मौसम में गांव का संपर्क प्रभावित हो जाता है और स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं तथा बुजुर्गों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है । वायरल वीडियो में बच्चों का उफनते नाले को पार करना ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या को उजागर करता है ।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण की मांग कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया । बरसात के दिनों में हालात इतने गंभीर हो जाते हैं कि किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है ।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए सगवा गांव तक सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जाए । साथ ही बरसात के दौरान सुरक्षित आवागमन के लिए पुलिया अथवा वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन न करना पड़े ।



