लगातार बारिश से लक्ष्मीनारायण मंदिर में पानी भराव, प्रशासन बेपरवाह

रिपोर्टर : कमलेश अवधिया
साईखेड़ा । नगर में पिछले दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने नगर प्रशासन की पोल खोल कर रख दी है। मंगलवार को तेज बारिश के चलते नगर के प्रमुख धार्मिक स्थल श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के गर्भगृह तक पानी पहुंच गया। यह मंदिर पुलिस थाना साईखेड़ा के सामने स्थित है और नगरवासियों की आस्था का केंद्र माना जाता है।रुक रुक कर लगातार हो रही बारिश से मंदिर परिसर में जलभराव हो गया और देखते ही देखते पानी गर्भगृह तक पहुंच गया। यह स्थिति न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से चिंताजनक है, बल्कि प्रशासन की लापरवाही को भी उजागर करती है। स्थानीय श्रद्धालुओं और नागरिकों का कहना है कि नगर में करोड़ों रुपये की विकास योजनाएं आईं हैं, लेकिन बावजूद इसके मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों और नालियों की सफाई व मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। जब नगर के धार्मिक स्थल ही सुरक्षित नहीं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं की कल्पना करना कठिन है। प्रशासन और नगर परिषद की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।



