धार्मिक

महिलाओं ने की आंवला, पीपल और बरगद के वृक्षों की पूजा, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना

सिलवानी। आंवला नवमी के पावन अवसर पर नगर के काठिया मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक परिधान में मंदिर पहुंचीं और विधि-विधान से आंवला, पीपल एवं बरगद के वृक्षों की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सुबह से ही मंदिर परिसर में महिलाओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। महिलाओं ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार वृक्षों की परिक्रमा की तथा पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल नजर आया। परिसर के आसपास पूजन सामग्री, श्रृंगार की वस्तुओं, खिलौनों और प्रसाद की दुकानें सजी हुई थीं। महिलाओं ने पूजा-पाठ के साथ खरीदारी का भी आनंद लिया। वहीं, परिवार के साथ पहुंचे बच्चों में भी त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
आंवला नवमी के अवसर पर कठीयां मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरा वातावरण धार्मिक आस्था एवं उत्साह से सराबोर नजर आया।

Related Articles

Back to top button