कृषि

व्यापारियों की नमी और कचरा युक्त मूंग तौली किसानों की एफएक्यू मूंग लौटाई

मूंग तुलाई में बड़ा घोटाला, रघुकुल वेयरहाउस में खुला खेल,
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह बोले दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
किसान ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को खराब मूंग तुलाई के वीडियो और फुटेज दिखाये
मंत्री ने कहा जांच के बाद होगी कार्रवाई
समिति प्रबंधक और वेयरहाउस मालिक पर एफआईआर दर्ज करने की मांग

सिलवानी। मूंग उपार्जन में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। रघुकुल वेयरहाउस के मालिक और समिति द्वारा व्यापारियों की खराब मूंग को तोला जा रहा है। खराब मूंग तुलाई के वीडियो किसानों द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किये गये है इसके बावजूद भी किसानों की सुनवाई नहीं हो रही है। वीडियो और फुटेज ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसान ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और एसडीएम सिलवानी को आवेदन देकर समिति प्रबंधक और वेयरहाउस मलिक के खिलाफ जांच कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। रघुकुल वेयरहाउस साईंखेड़ा में व्यापारियों की नमी और खराब क्वालिटी की मूंग तौली जा रही है जबकि किसान की एफएक्यू ग्रेड मूंग को लौटाया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि यह पूरा खेल वेयरहाउस संचालक और समिति प्रबंधक की मिलीभगत से हो रहा है।
रविवार को ग्राम सर्रा कलां के किसान नारायणसिंह रघुवंशी ने इस संबंध में एसडीएम कार्यालय और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की। किसान का आरोप है कि 24 जुलाई से 4 अगस्त तक का स्लॉट बुक होने के बावजूद उसकी 87 क्विंटल मूंग की तुलाई नहीं की गई। जबकि किसान को हर बार यह कहकर लौटा दिया गया कि भीड़ ज्यादा है। इसी तरह से अनेकों किसानों को रघुकुल वेयरहाउस के मालिक और समिति प्रबंधक द्वारा किसानों की बगेर मूंग तुलाई के उन्हें वेयरहाउस से वापिस भेज दिया गया जिसको लेकर किसानों द्वारा सिलवानी नगर में कम दामों पर अपनी मूंग को व्यापारियों को तोल कर अपने घर वापिस चले गये।
किसान नारायण सिंह का दावा है कि वह स्वयं मूंग की ग्रेडिंग कराकर साफ मूंग लेकर आया था लेकिन रघुकुल वेयरहाउस पर बैठे कर्मचारी और प्रबंधक उसे तौले बिना लौटा देते रहे। वहीं दूसरी ओर फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि वेयरहाउस में व्यापारियों की खराब और नमी युक्त मूंग को तौला जा रहा है। किसानों का कहना है कि अगर शीघ्र दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। किसान नारायण सिंह ने कहा कि प्रशासन यदि चाहता तो 5 दिन में उसकी मूंग की तुलाई कर सकता था लेकिन जानबूझकर किसानों को परेशान किया गया।
किसान द्वारा आवेदन कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को दिया जिसके बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अधिकारियों को जांच के निर्देश दिये है। सिलवानी प्रवास के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। जांच के बाद समिति प्रबंधक और वेयरहाउस मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
किसान ने बताया कि प्रशासन जानबूझकर अनजान बन रहा है जिसका खामियाजा हम किसानों को नुकसान के रूप में भुगतना पड़ रहा है। उपार्जन केंद्रों पर इस तरह की अनियमितताएं लगातार सामने आ रही हैं लेकिन प्रशासन मौन बना हुआ है। जबकि किसानों की मेहनत और उपज को नजर अंदाज कर व्यापारियों को लाभ पहुंचाना न केवल अन्याय है बल्कि उपार्जन व्यवस्था पर सीधा सवाल खड़े हो रहे हैं। किसान ने प्रशासन और केंद्रीय मंत्री से गुहार लगाई है कि रघुकुल वेयरहाउस साईंखेड़ा के मालिक और समिति प्रबंधक पर एफआईआर दर्ज हो उपज तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाएं
सभी किसानों की एफएक्यू मूंग की समय पर तुलाई सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों को निलंबित कर निष्पक्ष जांच कराई जाएं।
इस संबंध में पीसी शाक्य अनुविभागीय अधिकारी सिलवानी का कहना है कि जांच के लिए नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा है जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी ।

Related Articles

Back to top button