मध्य प्रदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में योगाभ्यास एवं ध्यान का आयोजन

रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय उमरियापान की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान का भव्य आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों में योग के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा ।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिलाषा चौरसिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ । उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है । नियमित योगाभ्यास से तनाव, चिंता एवं अवसाद जैसी समस्याओं से मुक्ति मिलती है तथा मानसिक शांति, आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक सोच का विकास होता है ।
डॉ.अभिलाषा चौरसिया ने ओमकार (ॐ) के उच्चारण के वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी दिव्य ध्वनि मन-मस्तिष्क को शांत एवं तनावमुक्त बनाती है । साथ ही यह हमारी ज्ञानेंद्रियों को सक्रिय कर वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है, जिससे व्यक्ति के व्यक्तित्व एवं स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया । योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित कई महत्वपूर्ण योगासनों का अभ्यास कराया गया तथा स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया गया ।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने प्रतिदिन योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया ।

Related Articles

Back to top button