आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों ने किया शासकीय विधालय का शैक्षणिक भ्रमण उत्साह से सीखीं नई बातें

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी इंद्र कुमार साहू एवं परवीन बानो के निर्देशानुसार शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक पथवारी-02 के बच्चों का शासकीय माध्यमिक शाला झिरिया टोला पथवारी में शैक्षणिक भ्रमण कराया गया ।
विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापक मिथिलेश पुरी गोस्वामी ने बच्चों का आत्मीय स्वागत किया । उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया । बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने चॉकलेट वितरित की और उन्हें पढ़ाई भी कराई ।
भ्रमण के दौरान कुमारी सौम्या गोस्वामी ने एबीसीडी का अभ्यास प्रस्तुत किया, जबकि कुमारी वैष्णवी भूमिया ने सुंदर कविता सुनाकर सभी का मन मोह लिया । प्रधानाध्यापक श्री गोस्वामी ने दोनों बालिकाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं ।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शुभा गोस्वामी के समर्पित कार्यों की भी प्रशंसा की गई । इस शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह और सीखने की रुचि बढ़ी । विभाग का उद्देश्य ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और विद्यालयी वातावरण से परिचित कराना है ।



