तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से युवक की मौत, थाने के सामने किया प्रदर्शन
रिपोर्टर : बृजेन्द्र कुशवाहा
साईंखेड़ा । रविवार की शाम को साईखेड़ा और झिकोली के बीच नर्मदा घाट के नजदीक स्टेट हाईवे 44 पर एक तेज रफ्तार दौड़ते डंपर क्रमांक HR 84 -5666 ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया था। गुस्साए परिजनों ने सोमवार की सुबह राजमार्ग 44 पर थाने के सामने प्रदर्शन किया।
युवक की पहचान दुर्गाप्रसाद पिता श्रीलाल हरिजन उम्र 23 साल निवासी खपड़िया तहसील बरेली जिला रायसेन के रूप में हुई थी।
टक्कर इतनी भीषण दर्दनाक थी कि युवक की घटना स्थल परखच्चे उड़ गए थे। घटना स्थल पर सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रकाश पाठक अपने स्टाफ के साथ पहुंचे और विक्षप्त शव को इकट्ठा कर सड़क किनारे किया और सडक पर लगे जाम को खुलवाया था।
मृतक के पिता श्रीलाल ने बताया कि मृतक दुर्गाप्रसाद दो दिन पहले अपनी पत्नि आशाबाई और दो बेटो के साथ ससुराल तूमडा आया था। खपड़िया से वापिस होते समय रविवार की शाम को हादसा हो गया। दूसरे दिन तूमडा ससुराल पक्ष और खपड़िया के लोगों ने थाने के सामने राजमार्ग पर न्याय की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर सड़क पर जाम लगाया। पुलिस ने समझाईस देकर उग्र भीड़ को शांत कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। और शव को साईंखेड़ा में पोस्टमार्टम के बाद परिजनो को सौप दिया गया है।
घटना के संबंध में चर्चा है कि पहले तेज रफ्तार डंपर ने एक कार को टक्कर मारी और उसके बाद बाईक सवार को रौंदा। डंपर का ड्राईवर सड़क किनारे डंपर छोड़ कर गया। बताया जाता है कि चीचली गाडरवारा एनटीपीसी से हर रोज दर्जनों डंपर राखड लेकर एक कतार में तेज रफ्तार निकलते हैं। ट्रकों की आवाजाही से साईखेड़ा की सड़कों पर जाम की स्थिति बन जाती है।



