मध्य प्रदेश

कलेक्टर की अध्यक्षता में स्टेंडिंग कमेटी की बैठक, राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को प्रदान की निर्वाचक नामावली की प्रतियां

रायसेन । जिला स्तरीय स्टेंडिंग कमेटी की बैठक कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद दुबे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। जिसमें कलेक्टर दुबे द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 का अंतिम प्रकाशन करते हुए उपस्थित राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को प्रतियां वितरित की गई।
बैठक में कलेक्टर अरविन्द दुबे ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जनपद कार्यालयों, नगर पालिका और नगर पंचायतों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कराया गया है। इसके अतिरिक्त जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केन्द्रों पर बीएलओ द्वारा चुनाव पाठशाला का आयोजन कर मतदाता सूची का वाचन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रायसेन जिले में नवीन मतदाताओं के नाम बढ़े हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं। प्रारूप प्रकाशन के समय जिले में कुल 914824 मतदाता थे । विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के पश्चात अंतिम प्रकाशन के समय मतदाताओं की संख्या बढ़कर 946892 हो गई है।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में चलाए गए पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 9 नवम्बर से 16 दिसम्बर 2022 तक कुल 58028 फार्म प्राप्त हुए। इनमें 39239 फार्म परिवर्धन के, 8125 फार्म निरसन के संशोधन के 10664 फार्म शामिल हैं। जिले में जेण्डर रेशो तथा इपी रेशो में भी वृद्धि हुई है। प्रारूप प्रकाशन के समय जेण्डर रेशो 880.22 था जो बढ़कर 889.09 हो गया है। इसी प्रकार ईपी रेशो भी 59.01 से बढ़कर 61.08 हो गया है। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मकसूद अहमद खान सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button