जन अभियान परिषद: व्यक्ति को हृदय से जोड़ने का कार्य कर रहा एकात्म ध्यान
उमरियापान, महनेर और मुरवारी गांव में ध्यान शिविर का किया गया आयोजन, हार्टफुलनेस फॉउंडेशन हैदराबाद से पहुँचे प्रशिक्षक करा रहे ध्यान, नवांकुर संस्था उमरियापान के द्वारा तीन दिनों तक गांवों में कराया जाएगा शिविर
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । आमजन को तन और मन से स्वस्थ रखने,उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने और मन को एकाग्र करने के उद्देश्य की प्रतिपूर्ति के लिए हर दिल ध्यान, हर दिन ध्यान एकात्म अभियान के तहत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद व हार्टफुलनेस फाउंडेशन हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में ध्यान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।इसी के तहत उमरियापान की नवांकुर संस्था के द्वारा उमरियापान,महनेर और मुरवारी गांव में ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। जन अभियान परिषद विकासखंड समन्वयक बबिता शाह ने बताया कि रामचन्द्र मिशन हार्टफुलनेस फाउंडेशन हैदराबाद से पहुँचे प्रशिक्षक उपेंद्र कुमार शुक्ला के द्वारा ग्रामीणों को रिलेक्सेशन, ध्यान, सफाई और प्रार्थना के महत्व और इनसे हाेने वाले लाभों को बताया जा रहा है। शिविर में समाजसेवी, वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि,गांव के महिला, पुरुष और बच्चे ध्यान के महत्व को समझ रहे हैं। तीन चरणों मे प्रशिक्षण का लाभ लिया। प्रशिक्षक उपेन्द्र कुमार शुक्ला ने कहा कि ध्यान करने से हमारा मन शांत रहता है, यह हृदय पर केन्द्रित होकर ध्यान करने की विधि है, जिसमें हम हर पल अपने हृदय का अनुसरण करते हैं। ध्यान से हमारे विचारों में शुद्धता एवं पवित्रता आती है। प्रतिदिन अपने घर परिवार में सदस्यों के साथ 40 मिनट नियमित योग एवं ध्यान का अभ्यास करना चाहिए।



