जमीन नपती के पांच हजार की रिश्वत लेते पटवारी को लोकायुक्त ने पकड़ा
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
छिंदवाड़ा। एमपी में रिश्वत खोरी रुकने का नाम नही ले रही है। आए दिन लोकायुक्त की कार्यवाही के बाद भी शासकीय कार्यालयो में खुलेआम रिश्वत मांगी जा रही है। इसी तरह एक मामला फिर सामने आया।
राजाखोह निवासी अनिल सरयाम से जमीन पर कब्जा दिलाने, जमीन नपाई के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी। तहसील कार्यालय छिंदवाड़ा में सीमांकन कराने के नाम पर आरोपित ने फरियादी से घूस मांगी थी। लोकायुक्त की टीम ने छापा मारकर पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल सरेआम को जमीन का सीमांकन करवाना था, जिसके ऐवज में पटवारी सुशील सराठे ने 5000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। इस बात से परेशान आवेदक ने जबलपुर लोकायुक्त में लिखित शिकायत की थी। लोकायुक्त ने मामले की तस्दीक करने के बाद जाल बिछाया और पटवारी को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। रिश्वत में लिए गए नोट के बाद पटवारी के हाथ धुलवाए गए, जिससे पानी का रंग गुलाबी हो गया। ट्रैप दल में स्वप्निल दास डीएसपी लोकायुक्त, निरीक्षक एवं अन्य सदस्य शामिल रहे।


