मध्य प्रदेश

नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया सहित अन्य के खिलाफ दर्ज FIR में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। कटनी नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया सहित अन्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर में नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा, मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष मृदुल मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक कटनी को शिकायत पत्र सौंपा है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि जमीन की अनाधिकृत खरीद-फरोख्त और हत्या के मामले में साजिश रचकर आरोपियों को डिफॉल्ट बेल का रास्ता साफ करने का प्रयास किया गया । शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस पूरे मामले में करोड़ों रुपये की जमीन कौड़ियों के दाम में खरीदे जाने की बात सामने आई है, जिससे पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं ।
शिकायत में कहा गया है कि मामले में कांग्रेस से जुड़े पार्षद मौसुफ अहमद बिट्टू के पिता मारूफ अहमद हनफी सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं । शिकायतकर्ता ने मामले में कांग्रेस पार्षद मौसुफ अहमद बिट्टू की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग की है ।
युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मृदुल मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में नामजद सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए । साथ ही यदि जांच में कांग्रेस पार्षद मौसुफ अहमद बिट्टू के तार मामले से जुड़े पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए ।
शिकायत पत्र में मामले से जुड़े सभी आरोपियों की संपत्ति की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग भी की गई है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रमुख सचिव मध्यप्रदेश शासन, आईजी जबलपुर तथा कलेक्टर कटनी को भी भेजी गई है ।
उल्लेखनीय है कि शिकायत पत्र में नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया सहित अन्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर का हवाला देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है । शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी ।

Related Articles

Back to top button